क्रान्तिकारी मज़दूर शिक्षणमाला – 35 : मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र के सिद्धान्त (खण्ड-2)
अध्याय-6 (जारी)
पूँजी का टर्नओवर
अभिनव
इस लेखमाला की सभी किश्तें इस लिंक से पढें
निवेशित पूँजी के सकल टर्नओवर को प्रभावित करने वाले कारक
निवेशित पूँजी के सकल टर्नओवर और उसकी अवधि के आकलन की पद्धति को स्पष्ट करने के बाद मार्क्स उन कारकों पर आते हैं जो निवेशित पूँजी के टर्नओवर की अवधि को प्रभावित करते हैं। इसमें मार्क्स सबसे पहले कार्य-अवधि (Working-period) पर विचार करते हैं।
कार्य–अवधि
कार्य-अवधि क्या होती है? यह वह अवधि है जिसमें श्रमशक्ति के निरन्तर उत्पादक उपभोग के द्वारा माल का उत्पादन पूर्ण हो जाता है और वह उपभोग हेतु तैयार हो जाता है। यानी, माल के उत्पादन व उसके उपभोग के लिए तैयार होने में श्रमशक्ति के निरन्तर उपभोग के समय को कार्य-अवधि कहा जाता है। साधारण-सी दिखने वाली इस अवधारणा का महत्व थोड़ा गहराई में जाने पर समझ आता है। वजह यह कि किसी माल के उत्पादन की कार्य-अवधि उस माल के प्रकार व प्रकृति पर निर्भर करती है। मसलन, अगर कार्य-दिवस की लम्बाई समान हो, श्रम की सघनता समान हो, यहाँ तक कि श्रम-प्रक्रिया की प्रतिदिन लम्बाई भी समान हो, तो भी दो अलग-अलग मालों का उत्पादन करने वाले पूँजीपतियों के लिए कार्य-अवधि अलग-अलग हो सकती है। इसके निहितार्थ तत्काल ही स्पष्ट हो जाते हैं। मार्क्स लिखते हैं :
“मान लें कि एक लोको इंजन, या किसी भी अन्य मशीन, के निर्माण में 100 कार्य-दिवस लगते हैं। जहाँ तक मशीन-निर्माण में लगे मज़दूरों का प्रश्न है, तो कपास-कताई के ही समान, 100 कार्य-दिवस का अर्थ एक निश्चित अनिरन्तर (अलग-अलग दिनों की) मात्रा है; हमारी मान्यता के अनुसार, उसमें 10 घण्टे की अलग-अलग व क्रमिक श्रम प्रक्रियाओं की 100 इकाइयाँ शामिल हैं। लेकिन उत्पाद (इस मामले में मशीन) के लिए ये 100 दिन एक निरन्तरतापूर्ण मात्रा हैं, यानी 1000 श्रम घण्टों का एक कार्य-दिवस, उत्पादन की एक जुड़ी हुई कार्रवाई। इस प्रकार के एक कार्य-दिवस को, जो कमोबेश कई अन्तर्सम्बन्धित कार्य-दिवसों से मिलकर बनता है, मैं कार्य–अवधि कहता हूँ। अगर हम कार्य-दिवस की बात करते हैं, तो उससे हमारा मतलब होता है समय की वह लम्बाई जिसमें एक मज़दूर हर रोज़ अपनी श्रमशक्ति को ख़र्च करता है, काम करता है। दूसरी ओर, जब हम कार्य-अवधि की बात करते हैं तो उसका अर्थ होता है किसी भी व्यवसाय में एक माल के उत्पादन को पूर्ण करने के लिए आवश्यक अन्तर्सम्बन्धित कार्य-दिवसों की संख्या।” (वही, पृ. 307-08)
अगर दो समान आकार की पूँजी का निवेश करने वाले पूँजीपतियों के लिए कार्य-अवधि अलग-अलग है, उदाहरण के लिए 1 सप्ताह और 3 महीने, तो पहले पूँजीपति के लिए टर्नओवर-अवधि कहीं ज़्यादा छोटी होगी, जबकि दूसरे पूँजीपति के लिए यह काफ़ी ज़्यादा होगी। मार्क्स एक कपास-कताई उद्योग और एक ट्रेन इंजन बनाने वाले उद्योग के मालिक पूँजीपतियों की तुलना से इस बात को स्पष्ट करते हैं। मान लें कि दोनों पूँजीपतियों द्वारा समान आकार की पूँजी का निवेश किया जाता है। ऐसे में, कपास कताई उद्योग के पूँजीपति का उपभोग के लिए तैयार माल हर हफ़्ते उत्पादित होकर बाज़ार पहुँचता रहेगा। लेकिन ट्रेन इंजन उद्योग के पूँजीपति के लिए यह अवधि कहीं ज़्यादा लम्बी होगी क्योंकि उपभोग के लिए तैयार एक ट्रेन इंजन बनने में ही तीन महीने का वक़्त लगता है। नतीजतन, तीन महीने तक एक ही ट्रेन इंजन पर उत्पादक कार्रवाई जारी रहेगी और उसके बाद ही वह माल बाज़ार में उपभोग के लिए पहुँच सकेगा। यह भी ध्यान रखें कि कार्य-अवधि में आने वाले इस फ़र्क का कोई भी रिश्ता चल पूँजी और अचल पूँजी के अनुपात से नहीं है। यह बिल्कुल मुमकिन है कि किन्हीं दो उद्योगों में चल पूँजी और अचल पूँजी का अनुपात समान है और उसके बावजूद उनकी कार्य-अवधियों में अन्तर हो सकता है और आम तौर पर दो भिन्न मालों की कार्य-अवधियों में अन्तर होता ही है। यह उन मालों के प्रकार व प्रकृति पर निर्भर करता है।
इस फ़र्क से पूँजीपति किस प्रकार प्रभावित होते हैं? इसे समझने के लिए उपरोक्त उदाहरण पर ही विचार करते हैं। इसमें कपास कताई उद्योग के पूँजीपति के लिए टर्नओवर अवधि 1 सप्ताह है, जबकि दूसरे, यानी ट्रेन इंजन बनाने वाले उद्योग के पूँजीपति के लिए टर्नओवर की अवधि तीन माह या 12 सप्ताह है। यानी, पहले पूँजीपति की निवेशित पूँजी को मुद्रा-रूप में उसके पास वापस आने में 1 सप्ताह का वक़्त लगेगा जबकि दूसरे पूँजीपति द्वारा निवेशित पूँजी को मुद्रा-रूप में उसके पास वापस आने में 12 सप्ताह का वक़्त लगेगा। इसका मतलब यह हुआ कि दोनों द्वारा लगायी गयी अचल पूँजी की मात्रा में तो कोई अन्तर नहीं आने वाला, लेकिन पहले पूँजीपति को उत्पादन को जारी रखने के लिए अपने हाथ में कम मात्रा में चल पूँजी रखनी होगी, जबकि दूसरे पूँजीपति को उत्पादन को जारी रखने के लिए पहले से ही अपने हाथों में अधिक मात्रा में चल पूँजी रखनी होगी। क्यों? क्योंकि पहले पूँजीपति की निवेशित पूँजी हर हफ़्ते मुद्रा-रूप में उसके हाथों में वापस आती रहेगी, जिससे वह कच्चे माल की ख़रीद और मज़दूरी का भुगतान करता रहेगा। लेकिन दूसरे पूँजीपति की निवेशित पूँजी 12 सत्पाह बाद ही उसके पास आयेगी और इसलिए उसे तीन महीने तक उत्पादन में नियमित तौर पर ख़र्च होने वाले कच्चे माल की ख़रीद के लिए ख़र्च करते रहना होगा और साथ ही हर सप्ताह या हर माह मज़दूरों को भी उनकी मज़दूरी का नक़द में भुगतान करते रहना होगा। इसलिए दूसरे पूँजीपति के हाथ में शुरू से ही अधिक मात्रा में इस ख़र्च को उठाने के लिए चल पूँजी आरक्षित होनी चाहिए, जबकि पहले पूँजीपति के हाथ में इतनी अधिक चल पूँजी की राशि की आवश्यकता नहीं होगी।
दोनों पूँजीपतियों के लिए समान आकार के पूँजी निवेश, समान लम्बाई के कार्य-दिवस, श्रम की समान सघनता और चल पूँजी व अचल पूँजी के समान अनुपात के बावजूद कार्य-अवधि के अलग-अलग होने का एक और निहितार्थ है। इसका अर्थ यह होगा कि दोनों पूँजीपतियों के लिए बाज़ार के जोख़िम अलग-अलग होंगे। इसका क्या अर्थ है? कपास-कताई के लिए कार्य-अवधि 7 निरन्तर पड़ने वाले कार्य-दिवस हैं, जिनमें उत्पाद उपभोग के लिए तैयार हो जाता है। एक ट्रेन इंजन के लिए कार्य-अवधि 90 निरन्तर पड़ने वाले कार्य-दिवस हैं, जिनमें उत्पाद उपभोग के लिए तैयार हो जाता है। अगर पहले पूँजीपति की उत्पादन की प्रक्रिया चार हफ़्तों के बाद किन्हीं कारणों से बाधित होकर रुक जाती है, जो भी वह अपनी चल पूँजी का 4 बार टर्नओवर कर चुका होगा, साथ ही अपनी अचल पूँजी के एक हिस्से का भी टर्नओवर कर चुका होगा और उसकी कुल निवेशित पूँजी का एक विचारणीय हिस्सा भी सम्भवत: कुछ टर्नओवर पूरे कर चुका होगा। लेकिन अगर ऐसा ही दूसरे पूँजीपति, यानी ट्रेन इंजन का कारखाना लगाने वाले पूँजीपति के साथ होता है, यानी अगर 4 हफ़्तों बाद किसी भी कारण से उसके उत्पादन की प्रक्रिया बाधित हो जाती है, तो इसके परिणाम उसके लिए हानिकारक होंगे। क्यों? क्योंकि इन 4 हफ़्तों में एक अधबना उत्पाद मौजूद होगा, जो उपभोग के लिए कतई तैयार नहीं है, जबकि उसमें चार हफ़्तों के दौरान जीवित श्रम की निश्चित मात्रा वस्तुकृत हो चुकी है, कच्चे माल की एक मात्रा ख़र्च हो चुकी है और मशीनों व उपकरणों की भी कुछ घिसाई हो चुकी है। नतीजतन, इन 4 हफ़्तों में उसके उत्पादन के साधनों से स्थानान्तरित व श्रमशक्ति द्वारा सृजित मूल्य बेकार चला जायेगा, या अगर उत्पादन कुछ समय के लिए ही रुका रहता है, तो उसका अवमूल्यन अवश्य होगा। नतीजतन, हम देख सकते हैं कि दो समान आकार की पूँजियों व उत्पादन की अन्य स्थितियों वाले पूँजीपतियों के माल के उत्पादन की कार्य–अवधि अगर अलग–अलग है, तो उसके टर्नओवर के पूर्ण होने या न होने तथा उसकी अवधियों में अन्तर आ जाता है।
उपरोक्त कारणों के चलते पूँजीपति हमेशा माल के उत्पादन की कार्य-अवधि को कम करने का प्रयास करते हैं। ज़ाहिर है, इन प्रयासों की एक सीमा होती है जो कि मालों की प्रकृति और प्रकार से निर्धारित होती है। मसलन, कुछ भी करके पूँजीपति ट्रेन इंजन के उत्पादन की कार्य-अवधि को कपास की कताई की कार्य-अवधि के बराबर नहीं कर सकता है। लेकिन इन सीमाओं के भीतर वह कार्य-अवधि को कम करने की हर सम्भव कोशिश करता है। इसके लिए वह उन्नततम तकनोलॉजी का प्रयोग करता है ताकि श्रम की उत्पादकता को बढ़ाकर कार्य-अवधि को कम किया जा सके, अपने उत्पादन के पैमाने को विस्तारित करता है, अचल पूँजी पर निवेश को सापेक्षिक तौर पर बढ़ाता है, इत्यादि। मक़सद यह होता है कि कार्य-अवधि को न्यूनातिन्यून बनाकर टर्नओवर की अवधि को कम किया जा सके, क्योंकि किसी भी पूँजीपति की मुनाफ़े की सालाना दर को यह टर्नओवर-अवधि प्रभावित करती है। वह जितना कम होता है, मुनाफ़े की सालाना दर उतनी ही अधिक होती है और वह जितना अधिक होता है, मुनाफ़े की सालाना दर उतनी ही कम होती है।
उत्पादन–अवधि
दूसरा कारक जो टर्नओवर की अवधि को प्रभावित करता है वह है उत्पादन-अवधि। उत्पादन-अवधि और कार्य-अवधि में क्या अन्तर होता है? कार्य-अवधि वह समय होता है जब श्रम-प्रक्रिया जारी रहती है और उत्पादन के साधनों का सक्रिय रूप से उत्पादक उपभोग करती है और कच्चे मालों को श्रम के वस्तुकरण के द्वारा माल में परिवर्तित करती है। सरल शब्दों में कहें, तो वह समय जब मज़दूरों का जीवित श्रम लगता है, कच्चे मालों का आकार बदलता है और उसी प्रक्रिया में उत्पादन के अधीन माल में वस्तुकृत होता है।
तो फिर उत्पादन–अवधि क्या होती है? मार्क्स लिखते हैं :
“कार्य का समय हमेशा उत्पादन का समय होता है, यानी वह समय जब पूँजी उत्पादन के क्षेत्र में होती है। लेकिन इसके विपरीत यह सच नहीं है कि वह पूरा समय जब पूँजी उत्पादन की प्रक्रिया में होती है कार्य का समय भी होता है। (वही, पृ. 316)
मार्क्स आगे स्पष्ट करते हैं :
“यहाँ मसला श्रम-प्रक्रिया में पड़ने वाले वे व्यवधान नहीं हैं जो श्रमशक्ति की प्राकृतिक सीमाओं से निर्धारित होते हैं…यहाँ मसला वे व्यवधान हैं जो श्रम-प्रक्रिया की लम्बाई से स्वतंत्र होते हैं, वे व्यवधान जो उत्पाद और उसके उत्पादन की प्रकृति से निर्धारित होते हैं, जिस दौर में श्रम की वस्तु को छोटे या लम्बे समय के लिए प्राकृतिक प्रक्रियाओं के अधीन किया जाता है, और उसे भौतिक, रासायनिक या शारीरिक परिवर्तनों से गुज़रना होता है, जबकि श्रम-प्रक्रिया पूरी तरह से या आंशिक रूप से निलम्बित होती है।” (वही, पृ. 316)
मार्क्स कुछ उत्पादन शाखाओं का उदाहरण देते हुए बताते हैं :
“मिसाल के तौर पर, जब अंगूरों को प्रेस कर दिया जाता है तो वाइन को किण्वन के एक दौर से गुज़रना ही होता है, और फिर तैयार होने की एक निश्चित मंज़िल में पहुँचने से पहले उसे कुछ समय रखना भी होता है। उद्योग की कई शाखाओं में उत्पादन को सुखाये जाने की प्रक्रिया से गुज़ारना होता है, जैसे कि पॉटरी बनाने के काम में, या उसे निश्चित स्थितियों के प्रभाव में रखना पड़ता है ताकि उसके रासायनिक गुण बदल जायें, जैसे कि ब्लीचिंग में…इस पूरे दौर में, श्रम के हस्तक्षेप की बेहद नगण्य मात्रा में ही आवश्यकता होती है।” (वही, पृ. 316)
मार्क्स आगे कार्य-अवधि और उत्पादन-अवधि के अन्तर को स्पष्ट करते हैं :
“इस प्रकार, ऐसे सभी मामलों में पूँजी की उत्पादन-अवधि दो अवधियों से बनती है : वह अवधि जिसमें पूँजी श्रम-प्रक्रिया में मौजूद होती है, और दूसरी अवधि जिसमें इसके अपूर्ण उत्पाद के अस्तित्व रूप को प्राकृतिक शक्तियों के प्रभाव में छोड़ दिया जाता है, जबकि कोई श्रम-प्रक्रिया नहीं चल रही होती। इस परिस्थिति पर इस बात से कोई फ़र्क नहीं पड़ता है कि ये दोनों अवधियाँ समय-समय पर एक दूसरे को काटती हैं या बारी-बारी से पड़ती हैं। ऐसी स्थितियों में कार्य-अवधि और उत्पादन-अवधि समान नहीं होते। उत्पादन-अवधि कार्य-अवधि से लम्बी होती है।” (वही, पृ. 317)
यानी, उत्पादन-अवधि वह अवधि होती है जिस दौरान पूँजी उत्पादन के क्षेत्र में रहती है। इसमें कार्य-अवधि तो शामिल होती ही है, लेकिन साथ ही कई मालों के उत्पादन की अवधि में कार्य-अवधि के अलावा वह समय भी शामिल होता है जब उत्पादन के अधीन माल श्रम-प्रक्रिया से नहीं गुज़र रहा होता है, लेकिन वह उत्पादन-प्रक्रिया से गुज़र रहा होता है। यह कौन-सा समय होता है? यह वह समय होता है जब मालों के उत्पादन के लिए आवश्यक अन्य प्रक्रियाएँ जारी रहती है, जिनमें श्रम नहीं लगता। इस दौरान प्रकृति की शक्तियाँ अपना काम करती हैं, या फिर कोई रासायनिक प्रक्रिया उत्पादित हो रहे माल पर जारी रहती है। इन प्रक्रियाओं में किण्वन (fermentation), शुष्कीकरण यानी सुखाना (drying), आदि शामिल है। इस समय की लम्बाई इस बात पर निर्भर करती है कि उत्पादन से गुज़र रहे माल की प्रकृति क्या है, या फिर उत्पादक सामग्रियों की प्रकृति क्या है जिनमें से कई उत्पादन में लगने योग्य बनने में कुछ समय लेती हैं।
पूँजीपति उत्पादन-अवधि के इस श्रम-प्रक्रिया में व्यवधान वाले समय को, जो कि कार्य-अवधि से अलग और उसके अतिरिक्त उत्पादन-अवधि में शामिल होता है, कम करने का हर सम्भव प्रयास करते हैं। क्यों? क्योंकि इस दौरान श्रम–प्रक्रिया नहीं जारी होती है और कोई नया मूल्य नहीं पैदा हो रहा होता है और नतीजतन बेशी मूल्य भी नहीं पैदा हो रहा होता है। साथ ही, इस दौरान भी उत्पादन के साधनों का प्राकृतिक शक्तियों के प्रभाव में हो रहा अवमूल्यन या घिसाई जारी रहती है। पूँजीपति इस समय को कम से कम करने के लिए आधुनिक तकनोलॉजी का इस्तेमाल करते हैं ताकि जो प्रक्रिया प्राकृतिक शक्तियों द्वारा सम्पन्न होती है उसे कम समय में यन्त्रों के उपयोग द्वारा सम्पन्न कर दिया जाये।
कार्य-अवधि को कम करने के साथ-साथ समूची उत्पादन-अवधि को कम करने के लिए श्रम-प्रक्रिया के जारी न रहने वाले इसके हिस्से को कम से कम बनाकर भी पूँजीपति टर्नओवर-अवधि को छोटा बना सकते हैं।
संचरण–अवधि
टर्नओवर-अवधि को प्रभावित करने वाला तीसरा और अन्तिम कारक होता है संचरण-अवधि। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, यह वह अवधि होती है जो उत्पादन के साधनों व श्रमशक्ति को ख़रीदने और फिर उत्पादित माल को बेचने में ख़र्च होती है। इस दौरान मूल्य का सृजन नहीं हो रहा होता है। या तो पहले से किसी अन्य पूँजीपति के उत्पादन में श्रम द्वारा सृजित मूल्य का वास्तवीकरण हो रहा होता है (मसलन, उत्पादन के साधनों की ख़रीद), या श्रमशक्ति के मूल्य का वास्तवीकरण हो रहा होता है, या फिर नये उत्पादित माल के मूल्य का वास्तवीकरण हो रहा होता है। यानी संचरण में यहाँ उत्पादन के साधनों व श्रमशक्ति की ख़रीद और फिर उत्पादित माल की बिकवाली दोनों ही शामिल है और इन दोनों में लगने वाला कुल समय संचरण-अवधि कहलाता है।
संचरण-अवधि एक उद्योग के भीतर अलग-अलग पूँजीपतियों के लिए और साथ ही अलग-अलग उद्योगों के बीच भी तमाम प्रकार के आकस्मिक या संयोगात्मक कारणों के चलते अलग-अलग हो सकती है। इनमें बाज़ार तक पहुँच और उससे दूरी आदि जैसे कारक शामिल हैं। संचार और परिवहन के साधनों के विकास के फलस्वरूप उत्पादन के स्थान और बाज़ार की दूरी के कारण संचरण की अवधि में होने वाली बढ़ोत्तरी को कम किया जा सकता है। इसके अलावा, अलग-अलग पूँजियों के लिए संचरण की अवधियाँ व्यवस्थागत कारणों के चलते भी अलग हो सकती हैं, जैसे कि परिवहन की सुविधाओं की मौजूदगी, श्रमशक्ति की उपलब्धता, उत्पादन के साधनों को प्राप्त करने की जगह की दूरी या उसमें जटिलताएँ, आदि। इसके अलावा, एक उन्नत ऋण-व्यवस्था (credit system) की मौजूदगी भी इसे प्रभावित कर सकती है, विशेषकर तब जबकि माल की बिकवाली से पूँजीपति के हाथ में पूँजी के वापस पहुँचने में अधिक समय लगता हो और उत्पादन को निरन्तर जारी रखने के लिए उत्पादन के साधनों व श्रमशक्ति की नये सिरे से ख़रीद के लिए पूँजीपति को ऋण की आवश्यकता हो। अगर ऐसा ऋण सहज उपलब्ध नहीं है, तो भी संचरण-अवधि बढ़ सकती है। इस प्रकार, संचरण-अवधि स्वयं उत्पादन-अवधि को भी प्रभावित कर सकती है।
इसके अलावा, अन्य रूपों में भी संचरण-अवधि टर्नओवर-अवधि को प्रभावित कर सकती है। मसलन, अगर पूँजीपति को मालों का कोई बड़ा ऑर्डर मिला है तो कार्य-अवधि बढ़ जाती है क्योंकि जब तक समूचे ऑर्डर का उत्पादन पूरा नहीं हो जाता है, तब तक मालों का भण्डारण जारी रखना पड़ता है जो केवल सम्भावनासम्पन्न तौर पर माल-पूँजी होते हैं। जब समूचे ऑर्डर का उत्पादन पूरा हो जाता है, माल तभी बिकते हैं। इस प्रकार यहाँ समूची टर्नओवर-अवधि लगभग कार्य-अवधि के ही बराबर हो जाती है क्योंकि ऑर्डर किये गये मालों का उत्पादन होते ही वे तत्काल बिक जाते हैं। उनका बाज़ार में कम या अधिक समय के लिए पड़े रहना अनिवार्य नहीं होता है। क्योंकि वे ऑर्डर पर उत्पादित किये गये माल हैं। इसलिए उनका उत्पादन पूर्ण होते ही, वह ख़रीदार उन्हें ख़रीद लेता है जिसने उनका ऑर्डर किया होता है। यानी, यहाँ संचरण-अवधि लगभग शून्य हो जाती है और समूची टर्नओवर-अवधि लगभग कार्य-अवधि के ही बराबर हो जाती है, जो कि स्वयं ऑर्डर के लिए होने वाले उत्पादन के कारण बढ़ जाती है।
इसके बाद, अन्त में मार्क्स इस प्रश्न पर आते हैं कि टर्नओवर-अवधि इतनी महत्वपूर्ण क्यों होती है? उसका कुल निवेशित पूँजी पर क्या प्रभाव पड़ता है? टर्नओवर और उसकी अवधि का प्रश्न पूँजीपतियों के लिए एक केन्द्रीय महत्व का प्रश्न है और जैसे-जैसे हम अपना विश्लेषण आगे बढ़ायेंगे, यह बात और अधिक स्पष्ट होती जायेगी।
टर्नओवर–अवधि और निवेशित पूँजी पर उसका प्रभाव
सबसे पहली बात जो यहाँ समझने वाली है वह यह है कि चूँकि टर्नओवर-अवधि में उत्पादन-अवधि (कार्य-अवधि जिसका एक हिस्सा होती है) और संचरण-अवधि दोनों ही शामिल होते हैं, इसलिए पूँजीपति को उत्पादन की निरन्तरता को बरक़रार रखने के लिए अतिरिक्त पूँजी का निवेश करना पड़ता है, ताकि संचरण-अवधि के दौरान उत्पादन को जारी रखा जा सके। अन्यथा, जितने समय में उत्पादन-अवधि में पैदा हुआ माल बिकेगा, पूँजीपति को उत्पादन के अगले चक्र की शुरुआत करने के लिए इन्तज़ार करना पड़ेगा। एक सरल उदाहरण से इसे समझते हैं।
मान लें कि उत्पादन-अवधि 9 सप्ताह की है, जबकि संचरण-अवधि औसतन 3 सप्ताह की है और पूँजीपति को हर हफ़्ते रु. 100 चल पूँजी के पुनर्नवीकरण के लिए (यानी, श्रमशक्ति और कच्चे मालों की ख़रीद) निवेशित करने पड़ते हैं। ऐसे में, उसे उत्पादन की शुरुआत में ही महज़ रु. 900 की आवश्यकता नहीं होगी (क्योंकि उत्पादन-अवधि 9 सप्ताह की है) बल्कि उसे रु. 1200 की आवश्यकता होगी (क्योंकि 3 सप्ताह की संचरण-अवधि के दौरान भी उसे उत्पादन जारी रखना है)। इसलिए उत्पादन की निरन्तरता को अबाधित जारी रखने के लिए पूँजीपति को संचरण-अवधि के दौरान होने वाले चल पूँजी के निवेश को भी शुरू से ही अपने आकलन में शामिल करना होगा। उपरोक्त उदाहरण में, जब पहली उत्पादन-अवधि पूर्ण होगी तो उसमें उत्पादित होने वाले माल को बिकने में 3 हफ़्ते का समय लगेगा, इसलिए उन 3 हफ़्तों के लिए पूँजीपति को शुरू में ही रु. 300 रखने होंगे, जिसे पहली उत्पादन-अवधि के समाप्त होने पर वह निवेशित करेगा और दूसरी उत्पादन-अवधि की शुरुआत 9 हफ़्ते बाद ही कर देगा। उत्पादन-अवधि के नौ सप्ताह के बाद तीन सप्ताह पूरे होने पर (यानी कुल 12 सप्ताह पूरे होने पर), पहली संचरण-अवधि समाप्त हो जायेगी और उसे अपने द्वारा पहली उत्पादन-अवधि में निवेशित रु. 900 वापस प्राप्त हो जायेंगे। अब उसके हाथों में रु. 900 होंगे, जबकि दूसरी उत्पादन-अवधि के 9 सप्ताह में से 3 सप्ताह बीत चुके होंगे। वह बचे 6 सप्ताहों के लिए इस रु. 900 में से रु. 600 का निवेश करेगा और रु. 300 दूसरी संचरण-अवधि के दौरान उत्पादन की निरन्तरता को बनाये रखने के लिए बचाकर रखेगा।
मार्क्स पूँजी के दूसरे खण्ड में कई विस्तृत उदाहरणों से समझाते हैं कि उत्पादन-अवधि (या अगर वे समान हैं, तो कार्य-अवधि) तथा संचरण-अवधि के अनुपात बदलने के साथ किस प्रकार उस अतिरिक्त पूँजी की मात्रा भी बढ़ती-घटती है जो पूँजीपति को हर संचरण-अवधि के दौरान उत्पादन की निरन्तरता को बनाये रखने के लिए रखनी पड़ती है। नतीजतन, उसकी पूँजी का एक हिस्सा निरन्तर संचरण के क्षेत्र में ही मुद्रा-रूप में मौजूद रहता है, ताकि चल पूँजी के तत्वों की ख़रीद की बार-बार पड़ने वाली ज़रूरतों को पूरा किया जा सके, मसलन, कच्चा माल, सहायक सामग्री और श्रमशक्ति। उसकी समूची पूँजी एक ही बार में उत्पादन में नहीं लग सकती। केवल तभी उत्पादन की निरन्तरता को सुनिश्चित किया जा सकता है। ज़ाहिर है, अगर पूँजीपति अपनी समस्त पूँजी एक बार में उत्पादन के क्षेत्र में नहीं लगा सकता और उसे उत्पादन-अवधि और संचरण-अवधि के बीच के अनुपात के अनुसार कुछ अतिरिक्त पूँजी हमेशा मुद्रा-रूप में अपने पास आरक्षित रखनी होती है, तो इसका असर उत्पादन के पैमाने पर पड़ता है। इसके कारण, उत्पादन का पैमाना कुछ घट जाता है, हालाँकि माल और उत्पादन की शाखा की प्रकृति के अनुसार इसकी एक सीमा होती है। इसलिए हर छोटा-बड़ा पूँजीपति उत्पादन की किसी भी शाखा में निवेश करने की क्षमता नहीं रखता। यह उसके पूँजी के आकार और उत्पादन की शाखा की प्रकृति पर निर्भर करता है।
उत्पादन-अवधि और संचरण-अवधि के अनुपात तीन प्रकार के हो सकते हैं। पहला, जिसमें उत्पादन-अवधि संचरण-अवधि से लम्बी है; दूसरा, जिसमें उत्पादन-अवधि और संचरण-अवधि बराबर लम्बाई के हैं; और तीसरा, जिसमें उत्पादन-अवधि संचरण-अवधि से छोटी है। इन तीनों ही स्थितियों में पूँजीपति द्वारा कुछ पूँजी मुद्रा-रूप में आरक्षित रखने की आवश्यकता बदल जाती है। अगर उत्पादन-अवधि लम्बी है और संचरण-अवधि उसके मुक़ाबले छोटी, तो पूँजीपति को कम मुद्रा-पूँजी आरक्षित रखनी होगी और उसकी तुलना में अपनी पूँजी के बड़े हिस्से को वह उत्पादन में लगा सकता है; अगर उत्पादन-अवधि और संचरण-अवधि बराबर हैं, तो फिर वह उत्पादन में तत्काल लगायी जाने वाली पूँजी और संचरण-अवधि के दौरान उत्पादन की निरन्तरता को बनाये रखने के लिए रखी गयी पूँजी को बराबर-बराबर बाँट सकता है; और अगर संचरण-अवधि की लम्बाई उत्पादन-अवधि से ज़्यादा हुई तो फिर उसे अपनी पूँजी का सापेक्षिक रूप से बड़ा हिस्सा उत्पादन की निरन्तरता को बनाये रखने के लिए आरक्षित रखना होगा।
कुछ और बातों का यहाँ ज़िक्र करना ज़रूरी है। मसलन, यह स्पष्ट है कि अगर उत्पादन व संचरण की प्रक्रिया के दौर में ही चल पूँजी के तत्त्वों की बाज़ार-क़ीमतों में अन्तर आता है, तो भी अगली उत्पादन-अवधि की शुरुआत के लिए अनिवार्य पूँजी की राशि में अन्तर आ सकता है। साथ ही, यहाँ मार्क्स का सरोकार केवल चल पूँजी के तत्वों से है। इसका यह अर्थ नहीं है कि उत्पादित हो रहे माल में केवल चल पूँजी का मूल्य ही स्थानान्तरित होता है (कच्चे माल व सहायक सामग्री के मामले में) या चल पूँजी के किसी तत्त्व के बराबर मूल्य का सृजन होता है (श्रमशक्ति के मामले में)। उत्पादित हो रहे माल में अचल पूँजी के मूल्य का एक हिस्सा भी स्थानान्तरित होता है और वह भी माल के बिकने के साथ पूँजीपति के हाथों में वापस आता है और एक निधि का निर्माण करता है जिसे एमॉर्टाइज़ेशन फ़ण्ड बोला जाता है और जिसका इस्तेमाल अचल पूँजी के तत्वों के ख़र्च हो जाने पर उनके पुनर्नवीकरण के लिए किया जाता है। साथ ही, यह भी स्पष्ट है कि श्रमशक्ति न सिर्फ़ अपने मूल्य के बराबर मूल्य उत्पादन के दौरान पैदा करती है, बल्कि वह इसके ऊपर बेशी मूल्य भी पैदा करती है। मार्क्स श्रमशक्ति पर ख़र्च होने वाली परिवर्तनशील पूँजी के टर्नओवर और साथ ही बेशी मूल्य के संचरण पर अलग से विचार करते हैं। यहाँ मार्क्स का सरोकार केवल इस बात से है कि निवेशित पूँजी का टर्नओवर किस प्रकार हो रहा है, उसकी दर क्या है और उसमें कितना समय लगता है क्योंकि उनका लक्ष्य यहाँ पुनरुत्पादन की प्रक्रिया का अध्ययन करना है, यानी उत्पादन का निरन्तर जारी रहना और उसकी पूर्वशर्तें।
परिवर्तनशील पूँजी का टर्नओवर
मार्क्स बताते हैं कि एक वर्ष में परिवर्तनशील पूँजी कितने टर्नओवर पूरे करती है, इसका पूँजीपति के लिए विशेष महत्व होता है। वजह यह है कि इसकी वजह से बेशी मूल्य की सालाना दर और इसलिए मुनाफ़े की सालाना दर बदल जाती है। मिसाल के लिए, मान लें कि दो पूँजीपति परिवर्तनशील पूँजी के रूप में मुद्रा-पूँजी की समान मात्रा का निवेश कर रहे हैं, लेकिन दोनों के लिए एक वर्ष में परिवर्तनशील पूँजी द्वारा पूरे किये जा रहे टर्नओवरों की संख्या अलग-अलग है, तो एक वर्ष में दोनों बेशी मूल्य की अलग-अलग मात्रा प्राप्त करेंगे। मान लें कि दोनों ने परिवर्तनशील पूँजी के रूप में रु. 500 का निवेश किया है और बेशी मूल्य की दर 100 प्रतिशत है, तो बेशी मूल्य की वास्तविक दर हुई:
s’ = (s/v) x 100 = (500/500) = 100%
यानी एक उत्पादन-चक्र में जीवित श्रम द्वारा सृजित बेशी मूल्य की मात्रा हुई रु. 500। अगर पहले पूँजीपति की परिवर्तनशील पूँजी एक वर्ष में 10 टर्नओवरों से गुज़रती है, तो उसके लिए बेशी मूल्य की वार्षिक मात्रा हुई रु. 5000 (500 x 10)। क्योंकि इसका अर्थ होगा कि उसकी पूँजी साल में दस बार मुद्रा-पूँजी से उत्पादक-पूँजी का रूप ग्रहण कर रही है, उत्पादक-पूँजी से माल-पूँजी का रूप ग्रहण कर रही है और फिर माल-पूँजी से वापस मुद्रा-पूँजी का रूप ग्रहण कर उसके हाथों में वापस आ रही है और साथ ही बेशी मूल्य से लदकर मुद्रा-रूप में उसके हाथों में वापस आ रही है। अगर दूसरे पूँजीपति की परिवर्तनशील पूँजी एक वर्ष में 8 टर्नओवरों से गुज़रती है, तो उसके लिए बेशी मूल्य की वार्षिक मात्रा हुई रु. 4000 (500 x 8)।
याद रखें, दोनों ही पूँजीपतियों को हर टर्नओवर पूरा होने के साथ निवेशित परिवर्तनशील पूँजी (और समूची पूँजी) वापस मुद्रा-रूप में प्राप्त हो जाती है, इसलिए हर नये उत्पादन-चक्र में उसे परिवर्तनशील पूँजी के तौर पर किसी नये रु. 500 का निवेश नहीं करना होता। पहले निवेशित रु. 500 ही माल की बिक्री के साथ उसके पास वापस लौट आते हैं और वह उसी राशि से फिर से श्रमशक्ति ख़रीदता है। इस प्रकार, समान परिवर्तनशील पूँजी के बावजूद दोनों पूँजीपतियों के लिए बेशी मूल्य की वार्षिक मात्रा अलग-अलग है। पहले पूँजीपति को टर्नओवर की गति तेज़ होने के कारण रु. 1000 ज़्यादा प्राप्त हो रहे हैं, बेशी मूल्य के रूप में। नतीजतन, बेशी मूल्य की वास्तविक दर के समान होने के बावजूद दोनों पूँजीपतियों के लिए बेशी मूल्य की वार्षिक दर अलग-अलग होगी।
S’ (बेशी मूल्य की वार्षिक दर) = s’.n = n(s/v),
S (बेशी मूल्य की वार्षिक मात्रा) = s’vn
जहाँ n परिवर्तनशील पूँजी यानी v के एक वर्ष में होने वाले टर्नओवरों की संख्या है।
अगर बेशी मूल्य की वार्षिक दर और मात्रा में बढ़ोत्तरी होती है, तो अन्य कारक समान रहने पर मुनाफ़े की वार्षिक दर में भी बढ़ोत्तरी होती है। इसीलिए पूँजीपतियों के लिए परिवर्तनशील पूँजी के टर्नओवर की गति एक बेहद महत्वपूर्ण कारक होती है। सामान्यत: परिवर्तनशील पूँजी के टर्नओवर की गति चल पूँजी के टर्नओवर की गति के बराबर होती है। जिस पूँजीपति की पूँजी का टर्नओवर ज़्यादा तेज़ गति से होता है, वह साल भर में अधिक बेशी मूल्य भी सृजित करती है और साथ ही उसकी बेशी मूल्य और मुनाफ़े की सालाना दर भी अधिक होती है।
बेशी मूल्य का संचरण
बेशी मूल्य के संचरण से जुड़ा केन्द्रीय प्रश्न मार्क्स के लिए यह है कि बेशी उत्पाद का प्रतिनिधित्व करने वाले बेशी मूल्य के संचरण के लिए अतिरिक्त मुद्रा आपूर्ति कहाँ से आती है। मार्क्स इस समस्या का विश्लेषण अपने युग की स्थितियों के अनुसार करते हैं, यानी उस युग में जब मुद्रा-माल का दौर था और सोना या सोने का प्रतिनिधित्व करने वाली अन्य धात्विक व काग़ज़ी मुद्राएँ इस्तेमाल की जाती थीं। अभी ऐसी शुद्ध काग़ज़ी मुद्रा का दौर नहीं आया था जो किसी मुद्रा-माल द्वारा समर्थित नहीं था। लेकिन मार्क्स द्वारा प्रस्तुत बुनियादी नियमों के आधार पर ही आज के युग में, यानी शुद्ध रूप से काग़ज़ी मुद्रा के युग में भी इस प्रश्न का समाधान किया जा सकता है।
सोने की मुद्रा और उसके प्रतिनिधियों (अन्य धात्विक मुद्रा, स्वर्ण-समर्थित काग़ज़ी मुद्रा) के दौर में बेशी मूल्य के संचरण के लिए अतिरिक्त मुद्रा कहाँ से आती थी? पूँजीपति पूँजी का निवेश करता है जिसका एक हिस्सा स्थिर पूँजी होती है, जबकि दूसरा हिस्सा परिवर्तनशील पूँजी होती है। उत्पादन की प्रक्रिया में जीवित श्रम एक ओर श्रमशक्ति के मूल्य बराबर मूल्य को पैदा करता है, वहीं वह उसके ऊपर बेशी मूल्य पैदा करता है। इसके अलावा, वह उत्पादन के साधनों में से मशीनों, उपकरणों आदि के मूल्य का एक अंश माल में स्थानान्तरित करता है और कच्चे मालों का मूल्य पूरी तरह से मालों में स्थानान्तरित करता है। नतीजतन, माल का मूल्य ख़र्च हुए उत्पादन के साधनों यानी ख़र्च हुई स्थिर पूँजी और श्रमशक्ति के मूल्य से ज़्यादा होता है। उसमें बेशी मूल्य जुड़ चुका होता है। जब माल बिकता है, तो ख़र्च स्थिर पूँजी और परिवर्तनशील पूँजी के अतिरिक्त यह बेशी मूल्य भी मुद्रा-रूप में वास्तवीकृत होता है। नतीजतन, प्रश्न यह है कि सामाजिक स्तर पर पूँजीवादी उत्पादन में इस बेशी मूल्य के संचरण हेतु अतिरिक्त मुद्रा कहाँ से आती है?
मार्क्स बताते हैं कि इस अतिरिक्त मुद्रा की आपूर्ति भी पूँजीपतियों से ही आती है, उन पूँजीपतियों से जो मुद्रा-माल का पूँजीवादी आधार पर उत्पादन व पुनरुत्पादन करते हैं। दूसरे शब्दों में, सोने की खदानों के मालिक पूँजीपतियों के अन्तर्गत हो रहे स्वर्ण-उत्पादन से ही बेशी मूल्य के संचरण के लिए आवश्यक अतिरिक्त मुद्रा की आपूर्ति होती है। इन पूँजीपतियों के उत्पादन के फलस्वरूप पैदा होने वाले माल के मूल्य में भी स्थिर पूँजी व परिवर्तनशील पूँजी के अतिरिक्त बेशी मूल्य भी शामिल होता है। साधारण पुनरुत्पादन की स्थिति में इस बेशी मूल्य का ये पूँजीपति व्यक्तिगत उपभोग कर जाते हैं। विस्तारित पुनरुत्पादन की स्थिति में ये पूँजीपति इस बेशी मूल्य के एक हिस्से का व्यक्तिगत उपभोग करते हैं, जबकि दूसरे हिस्से का संचय कर उत्पादन को विस्तारित करते हैं। दोनों ही स्थितियों में जब ये पूँजीपति अपने द्वारा हस्तगत बेशी मूल्य से व्यक्तिगत उपभोग व उत्पादक उपभोग की सामग्री ख़रीदते हैं, तो उनका माल यानी सोना, यानी अतिरिक्त मुद्रा-माल, माल संचरण में प्रवेश करता है। इसी के ज़रिये वह अतिरिक्त मुद्रा आपूर्ति होती है, जिसकी आवश्यकता सामाजिक स्तर पर बेशी मूल्य के संचरण के लिए होती है। जिन देशों में सोने का उत्पादन नहीं होता है या कम होता है, वे इस अतिरिक्त मुद्रा को विदेश व्यापार द्वारा प्राप्त करते हैं। यानी वे अपने यहाँ अधिक श्रम उत्पादकता के साथ और प्रचुरता में पैदा होने वाले मालों को विश्व बाज़ार में बेचते हैं और वहाँ से अतिरिक्त मुद्रा प्राप्त करते हैं। चाहे इस अतिरिक्त मुद्रा की आपूर्ति किसी राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के भीतर से हो या फिर उसका एक हिस्सा विदेश व्यापार से प्राप्त होता हो, मार्क्स के अनुसार, मुद्रा की आपूर्ति पूँजीवादी व्यवस्था के भीतर से ही होती है, बाहर से नहीं।
यह मूल बात कि मुद्रा की आपूर्ति पूँजीवादी अर्थव्यवस्था की आन्तरिक गतिकी के अनुसार, उसके भीतर से ही होती है, आज के युग में लागू होती है, यानी उस युग में जब स्वर्ण–असमर्थित शुद्ध काग़ज़ी मुद्रा का दौर आ चुका है। इस समय भी इस काग़ज़ी मुद्रा की आपूर्ति केन्द्रीय बैंक द्वारा दो प्रमुख आधारों पर की जाती है : पहला, कुल उत्पादित मालों (वस्तुओं और सेवाओं) की कुल क़ीमत और मुद्रा का वेग; और दूसरा, मुद्रा-पूँजी की माँग जो लाभप्रदता की दर से ही तय होती है। इसमें पहला कारक आम तौर पर माल-उत्पादन की व्यवस्था पर लागू होता है और इसलिए हर रूप की मुद्रा के दौर में लागू होता है, चाहे वह माल-मुद्रा का दौर हो या फिर शुद्ध रूप से काग़ज़ी मुद्रा का दौर हो। जबकि दूसरा कारक विशेष तौर पर पूँजीवादी माल-उत्पादन के दौर में लागू होता है, जिस दौर में शुद्ध रूप से काग़ज़ी मुद्रा अन्तत: अस्तित्व में आती ही है। इस दौर में मुद्रा की आपूर्ति को (विशेष तौर पर, क्रेडिट मुद्रा के विभिन्न रूपों की आपूर्ति को) समस्त मालों की कुल क़ीमत व मुद्रा के वेग के अलावा यह बात भी प्रभावित करती है कि पूँजीपति वर्ग में निवेश हेतु मुद्रा-पूँजी की माँग कितनी है। बताने की आवश्यकता नहीं है कि यह माँग स्वयं मुनाफ़े की औसत दर से निर्धारित होती है।
इसके साथ, मार्क्स का पूँजी के दूसरे खण्ड के दूसरे हिस्से में किया गया पूँजी के टर्नओवर का विश्लेषण पूरा होता है। इसके बाद, मार्क्स पूँजी के दूसरे खण्ड के तीसरे और कुछ मायनों में सामाजिक स्तर पर पुनरुत्पादन को समझने के लिए सबसे महत्वपूर्ण हिस्से पर आते हैं : कुल सामाजिक पूँजी का पुनरुत्पादन और संचरण।
मज़दूर बिगुल, अक्टूबर 2026














Recent Comments