“प्रधानसेवक” व “महामानव” मोदीजी की “जनसेवा” के 25 साल!
वारुणी
बीते अक्टूबर को देश के “प्रधानसेवक” श्रीमान नरेन्द्र दामोदरदास मोदी को जनता की सेवा करते हुए 25 साल हो चुके हैं! वे पहले गुजरात की जनता की सेवा करते थे, उसके बाद पूरे देश की जनता की सेवा में तल्लीन हो गये और ऐसी सेवा की कि पिछले दो बार से जनता सेवा का मौक़ा उन्हें ही दे रही है! इतने श्रद्धा भाव से सेवा की जा रही है कि जनता की तकलीफ़ देखकर मोदी जी विचलित हो उठते हैं और बेचारी जनता, जिसे अपने काम-धाम छोड़कर वोट देने के कष्ट से गुज़रना पड़ता था, मोदी जी की कृपा से ऐसी तक़रीबन 14 करोड़ की आबादी को SIR के ज़रिये इस कष्टदायी प्रक्रिया से ही मुक्ति मिल गयी है! वैसे देश को और भी बहुत सी चीज़ों से उन्होंने “मुक्ति” दिलायी है, मसलन रोज़गार से, शिक्षा से, महिला सुरक्षा से, प्राकृतिक संसाधनों से, लोकतंत्र से आदि आदि। इसकी एक लम्बी फ़ेहरिस्त है, जिससे हम इस लेख में आगे रूबरू होंगे। आइये पहले जानते हैं चाय बेचने वाले एक ऐसी महान शख्सियत की कहानी जिसने भारत भूमि पर “राम राज्य” का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए जो पिछले 25 वर्षों से अपना घर, परिवार, सहूलियतें सब छोड़कर देश (यानी अडानी-अम्बानी) की सेवा में तन-मन-धन से दिनोंरात लगा हुआ है!
वैसे तो असल कहानी शुरू होती है इस महामानव के नॉन बायोलॉजिकल तरीक़े से पैदा होने के साथ ही लेकिन उस वक़्त हमारे यह महामानव पृथ्वी पर अवतार लेने के अपने लक्ष्य से परिचित नहीं हुए थे! इसलिए इस महामानव की कहानी हम वहाँ से शुरू करेंगे जब इन्होंने अपने मक़सद को पहचाना और जनसेवा में अपनी ज़िन्दगी लगानी शुरू की। वैसे तो मोदी जी ने काफ़ी समय तक संघ के कार्यकर्ता के रूप में काम किया, फ़िर 1987 में भाजपा में शामिल हुए। लेकिन असल जनसेवा का मौक़ा उन्हें तब मिला जब गुजरात में राजनीतिक उठापटक के दौर में अक्टूबर 2001 में वाजपेयी ने उन्हें मुख्यमंत्री के पद पर बैठाया। उस वक़्त गुजरात में भाजपा को अपना राजनीतिक भविष्य डांवाडोल नज़र आ रहा था। साल 2001 में गुजरात की कमान सम्भालने के बाद मोदी जी ने जनसेवा में अपना जो जी-जान लगाया, उसे पूरा देश ‘गुजरात मॉडल’ के नाम से जानता है! वही ‘गुजरात मॉडल’ जिसका भाजपा के कई नेता-मंत्री हवाला देते नहीं थकते हैं। यह वह मॉडल था जिसने भाजपा को चुनाव हारने से न सिर्फ़ बचाया बल्कि गुजरात में और फ़िर पूरे देश में साम्प्रदायिकता के ज़हर को घोलने में सफलता हासिल करवायी।
इस ‘गुजरात मॉडल’ की शुरुआत मार्च 2002 में गोधरा काण्ड के बाद राज्य द्वारा प्रायोजित गुजरात दंगों से हुई। इन दंगों में हज़ारों की तादाद में लोग मारे गये, मुसलमानों का चुन-चुन कर नरसंहार किया गया, बच्चे, महिलायें, बूढ़े किसी को नहीं बख्शा गया। कई सप्ताह तक यह क़त्लेआम चलता रहा और गुजरात में बैठी मोदी सरकार ने इसे पूरी योजना के साथ लागू किया। राज्य की मशीनरी के बड़े हिस्से को इस नरसंहार में शामिल किया गया और जिन लोगों ने इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठायी उन्हें या तो उनके काम से या सीधा ज़िन्दगी से ही मुक्ति दिलवा दी गयी! और यहाँ से शुरू हुई मुक्तिदायी महामानव के “जनसेवा” की यात्रा! इसके बाद गुजरात में मुख्यमंत्री के पद पर सबसे लम्बा कार्यकाल मोदी का ही रहा। जिस रामबाण नुस्खे को अपनाया गया था, उसने नरेन्द्र मोदी को अगले तीन विधानसभा चुनावों में जीत दिलवायी। उसके बाद इसी ‘गुजरात मॉडल’ को पूरे देश में लागू करने का प्रयोग शुरू हुआ। पूरे देश को संघ ने अपनी प्रयोगशाला में तब्दील कर दिया। इन्हीं प्रयोगों के ज़रिये और नरेन्द्र मोदी को “विकास पुरुष” बनाकर 2014 के चुनावों में जीत हासिल की गयी। कहने की ज़रूरत नहीं है कि देश के बड़े पूँजीपति वर्ग समेत समूचे पूँजीपति वर्ग ने इस काम में मोदी जी का पूरा-पूरा साथ दिया।
2014 में देश की जनता को “अच्छे दिनों” के सपने दिखाये गये। “विकास पुरुष” की छवि को देखकर जनता ने मोदी जी को सेवा का मौक़ा भी दिया! और न सिर्फ़ 2014 बल्कि अगले तीन लोकसभा चुनावों से उन्हीं को “जनसेवा” का मौक़ा दिया जा रहा है! लेकिन वही भाजपा जिसे 2014 में 282 सीटें और 2019 में 303 सीटें हासिल हुई थी, वह 2024 आते-आते 240 सीटों तक सिमट गयी! वजह यह थी कि मोदी सरकार के दो बार के कार्यकाल में ही जनता ने सेवा का इतना स्वाद चख लिया था कि अब वह फ़िर से इसे भोगना नहीं चाहती थी!
जनता की सेवा में पहला क़दम मोदी जी ने नोटबन्दी करके उठाया, पूरे देश को क़तारों में लगवाकर जनता के शारीरिक स्वास्थ्य के विकास में मदद की! हालाँकि इससे भी पहले 2014 में सत्तासीन होते ही उन्होंने श्रम क़ानूनों में फेरबदल करके मज़दूर-विरोधी नये लेबर कोड के ज़रिये देश के 70 करोड़ मज़दूरों का जबरन “उत्थान” कर डाला! नोटबन्दी के बाद कोरोना काल में अनियोजित लॉकडाउन लगाकर मज़दूरों की एक बड़ी आबादी को रोज़गार से मुक्ति दिला दी! मोदी जी की कृपा से इस बीच क़रीब 13 करोड़ लोगों को रोज़गार से मुक्ति मिल गयी! कई अर्थशास्त्रियों के अनुसार आज देश में ऐसे 25 से 32 करोड़ लोग हैं जो बेरोज़गार हैं! अर्द्धबेरोज़गारी-प्रच्छन्न बेरोज़गारी को इसमें जोड़ दें, तो यह तादाद कुल काम करने योग्य लोगों की आबादी के क़रीब आधे तक पहुँच जाती है। सरकारी नौकरियों से मुक्ति दिलाने के लिए मोदी जी ने बुलेट ट्रेन की रफ़्तार से निजीकरण की नीतियों को लागू किया! उनके कार्यकाल में शिक्षा का भी यही हाल रहा है। शिक्षा से भी मुक्ति दिलवाने के लिए मोदी जी ने कई नीतियाँ लागू की, उनमें से सबसे अहम नयी शिक्षा नीति थी! निजीकरण की रेलगाड़ी शिक्षा के क्षेत्र में भी अच्छे से दौड़ायी गयी। लेकिन इससे भी मन नहीं भरा, तो मोदी सरकार ने छात्रों का बोझ हल्का करने के लिए एन.टी.ए जैसी संस्था लाकर उन्हें निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था से ही मुक्ति दिलवाने का काम शुरू कर दिया! बताते चलें कि 2015 से 2026 के बीच 148 परीक्षा घोटाले हुए जिसमें क़रीब 10 करोड़ छात्र बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसी का नतीजा था कि इस वर्ष जुलाई माह में हज़ारों की संख्या में देशभर के छात्र इस परीक्षा व्यवस्था के ख़िलाफ़ उठ खड़े हुए थे। सरकार द्वारा दमन की हज़ारों कोशिशों के बावजूद भी वह आन्दोलन को तोड़ नहीं सकी और अन्ततः छात्रों को अधूरी ही सही लेकिन जीत हासिल हुई!
किसका साथ? किसका विकास?
देश की जनता जिस “विकास पुरुष” से आस लगाये बैठी थी, उस मोदी जी ने अपने कार्यकाल में सिर्फ़ चन्द लोगों के विकास के लिए काम नहीं किया, बल्कि सबका साथ लेकर सबका विकास किया! आइये देखते हैं इस विकास की तस्वीर को! विकास ऐसा कि एक तरफ़ सारे संसाधन पूँजीपतियों को कौड़ियों के दामों में बेचे जा रहे हैं और दूसरी तरफ़ आम जनता को शिक्षा, रोज़गार, स्वास्थ्य व्यवस्था सबसे “मुक्ति” दी जा रही है! एक तरफ़ कॉर्पोरेट कम्पनियों के लिए कर की दर को 34 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत तक कर दिया गया, वहीं दूसरी तरफ़ जनता के ऊपर अप्रत्यक्ष करों का बोझ डालकर ‘जन-धन लूट योजना’ की शुरुआत भी की गयी! 2013-14 के वित्तीय वर्ष में, यानी नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले अप्रत्यक्ष करों से आने वाला भारत सरकार का कुल राजस्व था रु. 4.95 लाख करोड़। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष यानी 2025-26 में अप्रत्यक्ष करों से भारत सरकार को आने वाला राजस्व रु. 15.52 लाख करोड़ पहुँच चुका है। इसमें सबसे बड़ा योगदान था जीएसटी और पेट्रोलियम उत्पादों पर बढ़ते अप्रत्यक्ष करों व शुल्कों का। इससे हुआ यह कि महँगाई बेतहाशा बढ़ी। अप्रैल में पेट्रोलियम उत्पादों पर लगे भारी कर और प्रधानमंत्री मोदी की विफल विदेश नीति की वजह से गैस सिलिण्डर के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई। पहले से ही बढ़ती महँगाई ने जनता की कमर तोड़ रखी थी, अब सिलिण्डर के दाम में बेतहाशा वृद्धि से लोगों का ज़िन्दा रहना भी मुश्किल हो चुका था। यही वजह थी कि दिल्ली के आस-पास के औद्योगिक इलाक़ों व देश के अलग-अलग इलाक़ों में वेतन बढ़ोतरी के लिए मज़दूरों के स्वतःस्फूर्त आन्दोलन उठ खड़े हुए। हालाँकि इन आन्दोलनों को बेरहमी से कुचल दिया गया। विशेष तौर पर उत्तर प्रदेश के नोएडा में कई मज़दूरों और मज़दूर कार्यकर्ताओं को झूठे केस में और एन.एस.ए. जैसे काले क़ानून के तहत जेल भेज दिया गया।
बहरहाल, मोदी जी की इन नीतियों की वजह से ही यह सम्भव हो सका कि इस देश के सबसे ज़्यादा आमदनी वाले 10% लोग देश की कुल आमदनी का लगभग 58% हिस्सा हासिल करते हैं, जबकि सबसे कम आमदनी वाले 50% लोगों को सिर्फ़ 15% हिस्सा मिलता है। इन्हीं नीतियों का नतीजा है कि देश की 65% सम्पत्ति सबसे अमीर 10% लोगों के पास है। ‘वर्ल्ड इनइक्वालिटी रिपोर्ट 2026’ के मुताबिक़ सबसे अमीर 1% के पास लगभग 40% दौलत इकट्ठा है।
लेकिन देश के “विकास” की तस्वीर सिर्फ़ इतने से स्पष्ट नहीं हो जाती है! राष्ट्र (अर्थात अम्बानी-अडाणी) के विकास की असल तस्वीर तो अब स्पष्ट होगी। आपको जानकारी होनी चाहिए कि रिलायंस इण्डस्ट्रीज़ के प्रमुख मुकेश अम्बानी 103 अरब डॉलर की सम्पत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। उनकी सम्पत्ति में सालाना 24 फ़ीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं बन्दरगाह से लेकर ऊर्जा समेत विभिन्न कारोबारों से जुड़े अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अडाणी 81 अरब डॉलर की सम्पत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनकी सम्पत्ति में 153 फ़ीसदी वृद्धि हुई है। हुरुन ग्लोबल की अमीरों की सूची के अनुसार पिछले 10 वर्षों में अम्बानी की सम्पत्ति 400 फ़ीसदी और अडाणी की सम्पत्ति 1830 फ़ीसदी बढ़ी है। इसी रिपोर्ट के अनुसार भारत अरबपतियों की संख्या के आधार पर दुनिया में तीसरे पायदान पर है।
इस प्रकार भारत का पूरे विश्व में “डंका” बजाने वाले पहले प्रधानमंत्री मोदी जी ही रहे हैं! हालाँकि भारत को विश्वगुरु बनाने की इस होड़ में मोदी जी कई गुरुओं के आगे हाथ जोड़ चुके हैं और कई के हाथ मरोड़ चुके हैं! इतना सब करने के बावजूद भी विश्वगुरु बनने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका है, इसलिए मोदी जी जनता से 2047 तक की मोहलत फ़िर से माँग रहे हैं! मोदी जी को बदनाम करने के लिए कुछ स्वतंत्र पत्रकार उनकी विदेश यात्राओं के ख़र्च को गिनाना शुरू कर देते हैं लेकिन हमें समझना चाहिए कि जनता का यह पैसा अन्ततः राष्ट्र के “विकास” में ही लग रहा है! राष्ट्र की इस सेवा का मेवा भी मोदी जी और भाजपा को अच्छे से मिल रहा है!
ज्ञात हो पिछले दो बार के लोकसभा चुनावों में पूँजीपति वर्ग से सबसे ज़्यादा फण्डिंग भाजपा पार्टी को मिली है! 2024-25 के वर्ष में भाजपा को 6000 करोड़ रुपये से ऊपर फण्डिंग मिली थी जोकि राष्ट्रीय स्तर की चार अन्य बुर्जुआ पार्टियों को मिले फण्ड से 10 गुना ज़्यादा थी! यही नहीं, बल्कि एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 2019-20 के वित्त वर्ष में भाजपा की कुल घोषित सम्पत्ति सात पार्टियों की कुल घोषित सम्पत्ति का क़रीब 70 प्रतिशत थी। राष्ट्रीय पार्टियों द्वारा 6,988 करोड़ 57 लाख रुपये की कुल घोषित सम्पत्ति में अकेली भाजपा का हिस्सा 4847 करोड़ 78 लाख रुपये है। वित्त वर्ष 2017 में भाजपा की कुल घोषित सम्पत्ति 1213 करोड़ 13 लाख तो वित्त वर्ष 2018 में 1483 करोड़ 35 लाख थी।
जी हाँ! यह है “राष्ट्र के विकास” की असल तस्वीर! और जैसा कि जनता पिछले 12 साल से देख रही है कि यह “विकास” क़ानूनी और ग़ैर-क़ानूनी दोनों तरीक़ों से हो रहा है! क़ानूनी तरीक़ों जैसे चार लेबर कोड, VB-G RAM G, 2017 का जी.एस.टी. क़ानून, 2019 का कराधान क़ानून आदि से “विकास” तो किया ही जा रहा है, लेकिन विकास करने में क़ानूनी रूप से जो कसर छूट गयी थी, वह ग़ैर-क़ानूनी रूप से पूरी कर दी जा रही है!
“बहुत हुआ भ्रष्टाचार” के नारे के साथ मोदी जी ने जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलायी! राफेल घोटाला, मध्य प्रदेश का व्यापम घोटाला, बिहार का सृजन घोटाला, छत्तीसगढ़ में चावल घोटाला आदि आदि लम्बी सूची है! चौंकिये मत! ज़रा सोचिये कि जितने घोटालों को भाजपा के मंत्रियों ने अंजाम दिया, उतना ही मौक़ा मिला जनता को “भ्रष्टाचार” से मुक्ति का! इस प्रकार भाजपा ने जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलायी और राष्ट्र के “विकास” में मदद की!
अब आते हैं मुक्तिदाता मोदी जी की तीसरी महान उपलब्धि पर यानी महिला सुरक्षा से मुक्ति की परियोजना पर! इसको लेकर मोदी जी ने जो क़दम उठाये उससे कोई भी अपरिचित नहीं होगा! यह परियोजना तो वैसे गुजरात मॉडल के साथ ही शुरू हो गयी थी! प्रधानमंत्री की कुर्सी मिलने के बाद इस परियोजना को व्यवस्थित ढंग से अंजाम दिया जाने लगा। चिन्मयानन्द, राम रहीम, आसाराम, ब्रिजभूषण शरण सिंह, प्रज्वल रेवन्ना आदि आदि काफ़ी लम्बी सूची है जिन्होंने इस परियोजना को लागू करवाने में भूमिका निभायी! बलात्कारियों और संघी गुण्डों का फूलों से स्वागत करना, उनको पैरोल पर रिहा करना, प्रदर्शनकारी छात्राओं को बलात्कार की धमकियाँ देना, दल्ली पुलिस द्वारा महिला पत्रकारों और छात्राओं का यौन उत्पीड़न करना, संघी लम्पटों को सड़कों पर मारपीट और गुण्डागर्दी करने की खुली छूट देना, तमाम बलात्कारियों, गुण्डों, उत्पीड़कों और लम्पट गिरोहों को सत्ता का संरक्षण दिया जाना – ये सारे कीर्तिमान मोदी राज में ही स्थापित किये जा सकते थे! वह इसलिए क्योंकि इनके गुरु (गुरु गोलवलकर) खुद बलात्कार को एक राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की बात किया करते थे! तो जब गुरु जी ही ऐसे हैं तो आखिर उनके चेलों का चाल-चेहरा-चरित्र कैसा होगा! मुक्तिदाता मोदी जी ने अपनी जनसेवा के 25 सालों में और भी बहुत से कीर्तिमान स्थापित किये लेकिन उसकी सूची इतनी लम्बी है कि यहाँ सबका ज़िक्र करना मुश्किल है! यदि आप लोग उनकी अन्य सेवाओं के बारे में जानकारी हासिल करना चाहते हैं, तो आप इसके लिए ख़ुद मेहनत करने की ज़हमत उठायें! वैसे बताते चलें कि ऐसी ज़हमत उठाने के अपने ख़तरे हैं!
बहरहाल, प्रधानसेवक के 25 सालों की जनसेवा में एक बेहद ज़रूरी योगदान का ज़िक्र किये बिना उनकी सेवा की अहमियत नहीं समझी जा सकती! देश की जनता को लोकतन्त्र (जो कुछ भी सीमित जनवादी अधिकार उन्हें हासिल थे) से मुक्ति दिलवाने का श्रेय भी मोदी जी को ही जाता है! शायद यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि थी जोकि अन्य पार्टियों के सभी नेताओं से उनकी छवि को अलग करती है!
‘लोकतंत्र से मुक्ति’ दिलवाने की प्रक्रिया 2014 से ही शुरू कर दी गयी थी! यानी एस.आई.आर. की प्रक्रिया से काफ़ी पहले इस परियोजना की शुरुआत हो चुकी थी। तमाम पूँजीवादी लोकतांत्रिक-जनवादी संस्थाओं व प्रक्रियाओं को व्यवस्थित तौर पर अन्दर से खोखला करने की प्रक्रिया 2014 से तेज़ हुई (हालाँकि संघ अपनी घुसपैठ बहुत पहले से इन संस्थाओं और प्रक्रियाओं में कर रहा था) चाहे वह संसद-विधानसभा हो, ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग, न्यायपालिका, नौकरशाही या मीडिया हो! और अब यह प्रक्रिया अपनी ऐसी मंज़िल में प्रवेश कर चुकी है कि खुले तौर पर यह काम किया जा रहा है। इसी का परिणाम आज हमें SIR की प्रक्रिया में खुले तौर पर दिख रहा है, जहाँ पूँजीवादी चुनावों की पूरी प्रक्रिया को ही व्यापक पैमाने पर धाँधली करके खोखला कर दिया गया है! आज मोदी जी की “मुक्ति” की इस परियोजना के ख़िलाफ़ पूरी देश की जनता सड़कों पर है! लेकिन उन्हें फौजी बूटों, फ़र्ज़ी केसों और बैरिकेडों के तले दबाने की कोशिश जारी है। लेकिन जनता भी इतनी जल्दी थकेगी नहीं! अगर “प्रधानसेवक” ने इतने सालों तक जनता की “सेवा” करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी, तो आज जनता का भी कर्त्तव्य बनता है कि “प्रधानसेवक” के इस क़र्ज़ को उतारने में कोई कोर-कसर न छोड़ी जाये! इसलिए आज हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि मुक्तिदाता मोदी जी को “जनसेवा” के उनके कार्यभार से जितनी जल्दी हो मुक्त करवा दिया जाये!
मज़दूर बिगुल, अक्टूबर 2026














Recent Comments