अंकुर उद्योग लिमिटेड, गोरखपुर के मज़दूर हड़ताल पर अंकुर उद्योग लिमिटेड, बरगदवां, गोरखपुर के मज़दूर पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर हैं। पिछले दिनों फ़ैक्ट्री प्रबन्धन द्वारा मज़दूरों का वेतन रोक दिया गया था जिसकी वजह से मज़दूर हड़ताल पर चले गये। इस तात्कालिक कारण के अलावा मजदूरों की यह हड़ताल कुप्रबन्धन और ख़राब काम की स्थितियों की वजह से लम्बे समय से पनपते असन्तोष का नतीजा है। पिछले कई सालों से आन्दोलनों के बाद फ़ैक्ट्री प्रबन्धन मज़दूरों को केवल आश्वासन देता रहा है लेकिन आन्दोलन कमजोर होते ही प्रबन्धन माँग मानने से इनकार कर देता है। हालत यह है कि सालों से प्लास्टिक का धागा बनाने वाले मज़दूरों को कुछ ही सालों में कई तरह के स्वास्थ्यगत परेशानियां होने लगती है लेकिन फैक्ट्री की तरफ से मजदूरों को कोई स्वास्थ्य सम्बन्धी लाभ नहीं मिलता है। न तो फ़ैक्ट्री में साइकिल स्टैण्ड है, न ही साफ़ पानी की व्यवस्था। लगातार बढ़ते काम के दबाव की वजह से मज़दूर परेशान हैं लेकिन वेतन में बढ़ोत्तरी केवल मज़ाक बन कर रह गयी है। इस वित्तीय वर्ष वेतन में केवल 96 पैसे की बढ़ोतरी की गयी है। बिगुल मज़दूर दस्ता के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपनी इस तात्कालिक लड़ाई को जीतने तक लड़ने के साथ ही हमें यह भी समझने की ज़रूरत है कि 4 लेबर कोड लागू होने के बाद हम इसके खिलाफ़ भी लड़ने की स्थिति में नहीं रह जायेंगे। ऐसी स्थिति में हमें अपनी एकता को और व्यापक बनाते हुए एक बड़ी लड़ाई की तैयारी शुरु करनी चाहिए।













Recent Comments