हैदराबाद के जीडीमेटला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मज़दूर बस्ती में घर–घर अभियान

बिगुल मज़दूर दस्ता ने बीते 24 अगस्त को हैदराबाद के जीडीमेटला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रामी रेड्डी नगर की मज़दूर बस्ती में मज़दूर बिगुल अख़बार का प्रचार और वितरण अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिहार के रहने वाले कई प्रवासी मज़दूर मिले, जिनसे आने वाले चुनाव और मतदाता सूची में हो रहे घोटाले पर चर्चा हुई। आज क‍िसी क्रान्‍ति‍कारी विकल्प के अभाव के चलते मज़दूर किसी न किसी चुनावबाज़ पार्टी को ही विकल्प मानते हुए दिखे। बिगुल मज़दूर दस्ता के कार्यकर्ताओं ने विस्तार से इन चुनावबाज़ पार्टियों का पर्दाफ़ाश किया और मतदाता सूची संशोधन की आड़ में जनता के मताधिकार को चुराने की भाजपा की साज़िश के बारे में मज़दूरों को जागरूक किया। अभियान के दौरान अनिल नामक एक मज़दूर मिला जिसका हाल ही में एक फ़ैक्‍ट्री दुर्घटना में अँगूठा कट गया था। पोइनीर नामक इस फ़ैक्ट्री के प्रशासन ने एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज करा कर अपनी ज़िम्मेदारी से हाथ झाड़ लिया। जब अनिल ने मुआवज़े की बात की, तो फ़ैक्ट्री प्रशासन ने कहा — “मुआवज़ा किस बात का, इलाज तो करा ही रहे हैं।” इस ज़ख़्मी हालत में भी अनिल को काम पर बुलाकर उससे काम लिया जा रहा है। ऐसे माहौल में मज़दूर अपनी आजीविका कमाने को मजबूर है, जहाँ उसे इंसान भी नहीं समझा जाता। बिगुल मज़दूर दस्ता इस मज़दूर को उसका वाजिब हक़ हासिल करने में उसका साथ देगा। मज़दूरों से इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई कि सिर्फ़ जीडीमेटला औद्योगिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पूरे देश के औद्योगिक क्षेत्रों में आए दिन कई दुर्घटनाएँ होती रहती हैं, लेकिन फ़ैक्ट्री प्रशासन मज़दूरों की सुरक्षा के लिए कोई इंतज़ाम नहीं करता। हाल ही में पटानचेरु की सिगाची फैक्ट्री में हुए धमाके में 100 से ज़्यादा मज़दूरों की मौत इसका जीता-जागता उदाहरण है। ये सभी मुनाफ़ाख़ोर फैक्ट्रियाँ सरकार से मिलीभगत करके मज़दूरों की जान को जोखिम में डालकर मुनाफ़ा कमाती हैं। मज़दूरों की एकता के अभाव के चलते औद्योगिक क्षेत्रों में फ़ैक्ट्री मालिकों की मनमर्ज़ी चलती है। आज ज़रूरत है कि मज़दूर इलाकाई स्तर और पेशागत स्तर पर एकजुट होकर संशोधनवादी पार्टी यूनियनों के बरक्स अपना क्रान्तिकारी संगठन स्थापित करें। इसी मक़सद से बिगुल मज़दूर दस्ता आने वाले दिनों में मज़दूरों के बीच परिचर्चा चक्र आयोजित करेगा। कई मज़दूरों ने इस परिचर्चा में शामिल होने के लिए अपने सम्‍पर्क भी दिए। #mazdoorbigul #bigul #hyderabad #jeedimetla