बेहतर शिक्षा के लिए फ़्रांस के लाखों स्कूली छात्र सड़कों पर
भारत में और भी ख़स्ताहाल स्कूली शिक्षा की व्यवस्था में घुट रहे विद्यार्थियों का असन्तोष कब तक दबा रहेगा?

सत्यप्रकाश

फ़्रांस सहित यूरोप के कई देशों में लाखों स्कूली छात्र पिछले कई दिनों से सड़कों पर हैं। कुछ शहरों में पुलिस के साथ उनकी तीखी मुठभेड़ें हुई हैं, हज़ारों छात्र-छात्राओं को गिरफ़्तार किया गया है, सैकड़ों घायल हुए हैं- पुलिस के ग्रेनेड से एक किशोर छात्र का एक हाथ ही उड़ गया – फिर भी उनका आन्दोलन थमने का नाम नहीं ले रहा। कई जगहों पर अभिभावक और शिक्षक भी उनके समर्थन में सड़क पर उतर आये हैं। फ़्रांस से शुरू हुआ आन्दोलन जल्द ही बेल्जियम, इटली और जर्मनी के कई शहरों में भी फैल गया है।

इस आन्दोलन में मेहनतकशों के बच्चे सबसे आगे हैं क्योंकि स्कूलों की दुर्दशा की मार भी सबसे ज़्यादा उन पर ही पड़ रही है। दरअसल फ़्रांस और यूरोप के कई देशों में स्कूलों की हालत बेहद ख़राब हो चुकी है। वहाँ अधिकांश विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में ही पढ़ते हैं। निजी स्कूल कम हैं और बहुत अमीरों के बच्चे ही उनमें जाते हैं। एक समय था जब दुनिया भर में अपने उपनिवेशों की लूट से इन देशों ने अपने यहाँ जनता के बड़े हिस्से को शिक्षा, स्वास्थ्य आदि की बेहतर सुविधाएँ मुहैया करायी थीं। मगर पूँजीवाद का संकट बढ़ने के साथ, ख़ासकर पिछले तीन-चार दशकों में, इन देशों में “सरकारी ख़र्च में कटौती” के नाम पर अनेक जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का बजट कम किया जाने लगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन आदि के ख़र्च में कटौती, रेल-बस आदि के भाड़े, मकानों के किराये आदि में बढ़ोत्तरी जैसे क़दम उठाये गये, जिनके ख़िलाफ़ फ़्रांस, इंग्लैण्ड, स्पेन, इटली, बेल्जियम, जर्मनी, पुर्तगाल आदि अनेक देशों में लगातार आन्दोलन होते रहे हैं। अभी जारी विद्यार्थियों का आन्दोलन भी इन्हीं की एक कड़ी है।

पिछले दो दशकों के दौरान फ़्रांस में स्कूली शिक्षा की हालत में लगातार गिरावट आयी है। क्लासरूम कम हैं और उनके रख-रखाव की स्थिति बुरी है, छात्र बढ़ गये हैं पर शिक्षकों की संख्या और कम हो गयी है, छात्रों-शिक्षकों, सभी पर बेहद दबाव है। शिक्षा पूरी करने के बाद रोज़गार की बढ़ती अनिश्चितता ने छात्रों की बेचैनी को और बढ़ा दिया है। 2008 के बाद से फ़्रांस में ढाई लाख विद्यार्थी बढ़े, पर उनके क्लासरूम और शिक्षक बढ़ने के बजाय कम हो गये। शिक्षा की गुणवत्ता में भी गिरावट आयी है। ‘प्रोग्राम फॉर स्टूडेण्ट्स एसेसमेण्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार ओईसीडी के तहत आने वाले यूरोपीय देशों में 2015 से 2025 के बीच शिक्षा की गुणवत्ता काफ़ी नीचे आयी है। इन देशों के विद्यार्थियों के प्रदर्शन में विज्ञान में 7 अंकों, गणित में 22 अंकों और पढ़ने की क्षमता में 28 अंकों की औसत गिरावट पायी गयी।

पिछले चार दशकों के दौरान जहाँ दुनिया भर में निजीकरण-उदारीकरण की नीतियों पर ज़ोर बढ़ा है, उनके नतीजे के तौर पर आम जनता की मूलभूत ज़रूरतें पूरी करने वाली योजनाओं पर ख़र्च में कटौतियाँ की जा रही हैं। आम लोगों के बच्चों और युवाओं को मिलने वाली शिक्षा पर इसकी मार हर जगह पड़ी है। एक तरफ़ ऊपर की 5-10 प्रतिशत आबादी के लिए महँगे और विलासितापूर्ण स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय निजी क्षेत्र में खोले जा रहे हैं, दूसरी तरफ़ सरकारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों की सरकारी फ़ण्डिंग कम की जा रही है। शिक्षा के बाज़ार में एक ओर फ़ाइव स्टार और थ्री स्टार सुविधाओं वाले जगमगाते आलीशान स्कूल और प्राइवेट यूनिवर्सिटियाँ हैं, दूसरी ओर सरकारी स्कूलों के पास ढंग की इमारतें तक नहीं हैं।

इस स्थिति का असर आम लोगों की शिक्षा पर पड़ना ही है। 2017 में यूनेस्को ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि दुनिया भर में 61 करोड़ 70 लाख स्कूली बच्चे ऐसे हैं जो ठीक से पढ़ नहीं सकते और गणित में बेहद कमज़ोर हैं। कहने की ज़रूरत नहीं कि भारत जैसे देशों में ऐसे बच्चों की बहुतायत है। वैसे तो यह इस देश के नेताओं के लिए शर्म से डूब मरने की बात है कि आज़ादी के 80 साल बाद आज भी लाखों बच्चे स्कूल का मुँह भी नहीं देख पाते। मगर नेताओं के पास शर्म होती तो डूब मरने के लिए तो हज़ारों कारण मौजूद हैं! आम घरों के बच्चे जिन स्कूलों में जा पाते हैं उनकी हालत इतनी ख़राब है कि शर्म भी शर्म से डूब मरे!

जब से मोदी सरकार ने देश को “विकसित भारत” बनाना शुरू किया है, तबसे देश में 90 हज़ार से ज़्यादा सरकारी स्कूल बन्द हो चुके हैं। जो स्कूल चल रहे हैं उनमें भी हज़ारों स्कूलों के पास न ढंग की इमारत है, न शिक्षक और न फ़र्नीचर। अकेले बिहार में दो लाख से ज़्यादा स्कूली शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। देश भर में क़रीब 12 लाख स्कूली शिक्षकों के पद खाली है। मई 2026 में आयी नीति आयोग की एक रिपोर्ट के अनुसार देश में सिर्फ़ 5 प्रतिशत स्कूल ही ऐसे हैं जहाँ 1 से 12 तक की कक्षाएँ एक छत के नीचे चलती हैं। इसी रिपोर्ट के अनुसार, कम फ़ीस वाले प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 5 के 35 प्रतिशत बच्चे ऐसे हैं जो कक्षा 2 की पाठ्यपुस्तक ढंग से नहीं पढ़ सकते। कहने की ज़रूरत नहीं कि ऐसे कम फ़ीस वाले प्राइवेट स्कूलों में मेहनतकश जनसाधारण के बच्चे ही पढ़ने जाते हैं। सरकारी स्कूलों की दुर्दशा को देखकर बहुत से ग़रीब मेहनतकश लोग अपना पेट काटकर भी अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में भेजते हैं, इस उम्मीद में कि यहाँ उनका बच्चा कुछ सीखकर रोज़गार के बाज़ार में बेहतर हालत में होगा। मगर ऐसे सस्ते प्राइवेट स्कूल बेहद कम वेतन पर टीचरों को रखकर उनका भी शोषण करते हैं और पढ़ाई के नाम पर विद्यार्थियों और उनके माँ-बाप को भी उल्लू बनाते हैं।

पिछले अगस्त में देश के कई भागों में स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपने स्कूल की ख़स्ताहालत को लेकर प्रदर्शन किये थे। तब मीडिया का ध्यान इस ओर गया कि न जाने कितने स्कूल जर्जर और ख़तरनाक इमारतों में चल रहे हैं जहाँ न पीने का साफ़ पानी है, न शौचालय। कितने ही स्कूलों में पशुओं के बाड़े में या पेड़ के नीचे बैठकर विद्यार्थी पढ़ते हैं। बहुत से स्कूलों तक पहुँचने के रास्ते बेहद ख़राब है, कहीं ब्लैक बोर्ड नहीं है तो कहीं टूटी-फूटी कुर्सियों पर या दरी पर बैठकर पढ़ने के लिए छात्र-छात्राएँ मजबूर हैं। देश की राजधानी और उसके इर्द-गिर्द भी ऐसे स्कूल मौजूद हैं इससे ज़्यादा शर्म की बात और क्या होगी?

सितम्बर में कॉकरोच जनता पार्टी ने ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ शुरू किया और राजस्थान, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश के कुछ स्कूलों में उनकी टीम ने दौरा करके वहाँ की ख़राब हालत को दिखाया। इन सभी जगहों पर भाजपा की सरकारों ने जिस तरह की नौटंकी की उसने उसे और नंगा करने का ही काम किया है। हर जगह सीजेपी की टीम पर भाजपा के गुण्डों से हमला करवाया गया और दावा किया गया कि स्थानीय लोग स्कूल से सन्तुष्ट हैं! हालाँकि इसके तुरन्त बाद राजस्थान सरकार ने स्कूलों के सुधार पर 12,000 करोड़ रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार ने 3,000 करोड़ रुपये ख़र्च करने की घोषणा करके खुद ही क़बूल कर लिया कि हालत अच्छी नहीं है। एक मुद्दे से दूसरे पर बन्दरकुद्दी मार रही सुधारवादी सीजेपी से तो इस मसले पर कोई ज़मीनी आन्दोलन खड़ा करने की उम्मीद नहीं की जा सकती, मगर आने वाले समय में भारत में भी स्कूली विद्यार्थियों का कोई व्यापक आन्दोलन खड़ा होगा, इसकी उम्मीद ज़रूर करनी चाहिए।

कुछ वर्षों पहले नौजवान भारत सभा ने दिल्ली में और फिर उत्तराखण्ड के देहरादून व हरिद्वार में ‘स्कूल बचाओ अभियान’ चलाया था। कई सप्ताह तक चले इस अभियान में बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक शामिल हुए थे। दिल्ली में उस वक़्त के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को एक विस्तृत माँगपत्रक भी सौंपा गया था जिसमें इस बात का भी उल्लेख था कि एक ओर ‘आप’ की सरकार कुछ स्कूलों में अच्छी सुविधाओं का प्रचार करने पर करोड़ों रुपये फूँकती है, दूसरी ओर दिल्ली के कई मेहनतकश आबादी वाले स्कूलों की हालत ख़राब बनी हुई है।

देशभर में करोड़ों स्कूली विद्यार्थी ख़स्ताहाल स्कूलों में घुट रहे हैं। शिक्षा के ज़रिये बेहतर इंसान बनने और बेहतर ज़िन्दगी हासिल करने के उनके सपने रोज़ दम तोड़ रहे हैं। पूरे देश के संसाधनों की तरह अच्छी शिक्षा को भी मुट्ठीभर पैसे वाली आबादी का विशेषाधिकार बना देने पर आमादा मोदी सरकार के लिए यह कोई मुद्दा नहीं है। पर हमारे देश में और दुनिया भर में जारी सुगबुगाहट से आम स्कूली छात्र भी अब कटे नहीं हैं। आने वाले दिनों में वे भी अपने हक़ के लिए आवाज़ उठायेंगे, इसमें कोई सन्देह नहीं।

 

मज़दूर बिगुल, अक्टूबर 2026

 

 

‘मज़दूर बिगुल’ की सदस्‍यता लें!

 

वार्षिक सदस्यता - 125 रुपये

पाँच वर्ष की सदस्यता - 625 रुपये

आजीवन सदस्यता - 3000 रुपये

   
ऑनलाइन भुगतान के अतिरिक्‍त आप सदस्‍यता राशि मनीआर्डर से भी भेज सकते हैं या सीधे बैंक खाते में जमा करा सकते हैं। मनीऑर्डर के लिए पताः मज़दूर बिगुल, द्वारा जनचेतना, डी-68, निरालानगर, लखनऊ-226020 बैंक खाते का विवरणः Mazdoor Bigul खाता संख्याः 0762002109003787, IFSC: PUNB0185400 पंजाब नेशनल बैंक, निशातगंज शाखा, लखनऊ

आर्थिक सहयोग भी करें!

 
प्रिय पाठको, आपको बताने की ज़रूरत नहीं है कि ‘मज़दूर बिगुल’ लगातार आर्थिक समस्या के बीच ही निकालना होता है और इसे जारी रखने के लिए हमें आपके सहयोग की ज़रूरत है। अगर आपको इस अख़बार का प्रकाशन ज़रूरी लगता है तो हम आपसे अपील करेंगे कि आप नीचे दिये गए बटन पर क्लिक करके सदस्‍यता के अतिरिक्‍त आर्थिक सहयोग भी करें।
     

Lenin 1बुर्जुआ अख़बार पूँजी की विशाल राशियों के दम पर चलते हैं। मज़दूरों के अख़बार ख़ुद मज़दूरों द्वारा इकट्ठा किये गये पैसे से चलते हैं।

मज़दूरों के महान नेता लेनिन