Tag Archives: सर

SIR-विरोधी जनान्दोलन को बदनाम करने के भाजपाई ‘टूलकिट’ से सावधान!

भारत में 13.7 करोड़ लोगों के वोट खा जाने वाली भाजपा की चोरी जब खुलेआम पकड़ी गयी और जनता में उसके ख़िलाफ़ गुस्सा सड़कों पर बह निकला है तो इसे भाजपा विदेशी साज़ि‍श बता रही है। यह शासक वर्ग की पुरानी आदत है कि जनान्दोलनों को विदेशी साज़िश बताकर उन्हें बदनाम किया जाये। भाजपा 2014 से ही जनान्दोलनों को “दिमाग़ी नक्सलों”, “जिहादियों”, “टुकड़े-टुकड़े गैंग”, “एण्टी-नेशनल” और विदेशी ताक़तों की साज़‍िश बताती रही है। अंग्रेज़ों ने भारत पर शासन करते हुए मज़दूर आन्दोलन को कुचलने के लिए उसके नेतृत्व को बोल्शेविक रूसी षड़यंत्रकारी बताया था। मेरठ षडयंत्र केस, कानपुर षडयंत्र केस और पेशावर षडयंत्र केस इसके ही उदाहरण है। ब्रिटिश हुकुमत ने ख़ुद षड़यंत्र कर कम्युनिस्ट क्रान्तिकारियों को जेल भेज दिया और इसके पीछे अन्तरराष्ट्रिय कम्युनिस्ट साज़‍िश का हव्वा गढ़ा। रूस में भी इसी तरह ज़ार की सत्ता ने रूसी क्रान्तिकारियों को जर्मन एजेण्ट बताया था। हाल ही में नोएडा के मज़दूर आन्दोलन में ‘मज़दूर बिगुल’ से जुड़े राजनीतिक कार्यकर्ताओं को षड़यंत्रकारी व ”बाहरी तत्त्व” बताकर गिरफ़्तार किया गया। योगी आदित्यनाथ, उनके मंत्री और नोएडा की कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने इसे पाकिस्तानी साज़‍िश और “अर्बन नक्सल” साजि़श बताया था लेकिन इस बोगस तर्क की धज्जियाँ अदालत, मीडिया और आम जन में अब उड़ चुकी हैं। मज़दूरों की ग़ुलामों-सरीखी स्थिति और बेहद कम वेतन के कारण स्वत:स्फूर्त तौर पर फूट पड़े मज़दूर आन्दोलन को भाजपा सरकार ने ”बाहरी तत्त्वों” की साजि़श करार दिया था। अब भाजपा अगर SIR-विरोधी आन्दोलन में भी यही जुमले उछाल रही है तो वह शासक वर्ग की पुरानी ‘टूलकिट’ का फ़ासीवादी संस्करण ही प्रयोग में ला रही है। यह फ़ासीवादी संस्करण इस अर्थ में है कि फ़ासीवादी हुक्मरान का विरोध करने वाले को “हिन्दू राष्‍ट्र” और उसके एकमात्र प्रतिनिधि फ़्युहरर मोदी का दुश्मन घोषित किया जाता है। उसे नक़ली दुश्मन की छवि में समेट लिया जाता है। भाजपा की विदेशी साज़‍िश की ‘टूलकिट’ का कुल जमा सार यही है।